पंचकूला , जुलाई 25 -- नशे के खिलाफ अभियान के बीच हरियाणा के पंचकूला पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए झारखंड से हरियाणा तक नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से एक किलो 265 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अब पुलिस छह दिन की रिमांड के दौरान पूरे ड्रग सिंडिकेट, आपूर्ति शृंखला और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृपाल वर्मा उर्फ कृपाल राम, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। अपराध शाखा-1 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बरवाला-डेराबस्सी रोड स्थित पुराने मंदिर के पास जाल बिछाकर उसे उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कथित तौर पर अफीम की खेप की डिलीवरी देने पहुंचा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.265 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इस संबंध में चंडीमंदिर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह झारखंड से अफीम लाकर पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति करता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ पंजाब में पहले से एनडीपीएस का मामला दर्ज है, जिससे उसके अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका और मजबूत हुई है।

पुलिस आयुक्त पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला को नशामुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी के नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर पूरे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित