रांची , जुलाई 02 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे पर तेजी से काम कर रही है और मंत्रिमंडल में लिए गए फैसलों का लाभ जल्द ही राज्य की जनता तक पहुंचाया जाएगा।
श्री सोरेन ने आज यहां राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड, रिम्स-2 परियोजना, ग्रामीण विकास, युवाओं से जुड़े विषयों और केंद्र सरकार की नीतियों पर खुलकर अपनी बात रखी। हिमांशु सिंह हत्याकांड पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है और विपक्ष बेवजह राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने बताया कि कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद रिम्स-2 परियोजना का निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देगी और लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
श्री सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार वीबी ग्राम योजना लागू करेगी, जिससे गांवों में आधारभूत संरचना और विकास कार्यों को गति मिलेगी। वहीं युवाओं के हितों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सरकार इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सदस्यता समाप्त करने से जुड़े नए नियम लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के अधिकारों को सीमित करने वाले कानून बना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की वर्तमान परिस्थितियां गंभीर हैं और भविष्य को लेकर भी कई चुनौतियां दिखाई दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित