रांची , जून 28 -- झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव तथा उत्पाद विभाग के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अमित प्रकाश को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

ईडी ने समन के साथ संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जांच एजेंसी को आशंका है कि झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े कथित घोटाले में इनकी भूमिका की जांच आवश्यक है। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की कंपनियों को झारखंड में प्रवेश दिलाने के मामले में रोहित उरांव की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई एसीबी द्वारा दर्ज कांड संख्या 9/2025 को ईडी द्वारा टेकओवर करने के बाद की जा रही है। इस आधार पर ईडी ने ईसीआई आर संख्या 10/2025 दर्ज कर अपनी जांच आगे बढ़ाई है। इससे पहले एजेंसी मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों से भी पूछताछ कर चुकी है।

ज्ञातव्य है कि एसीबी ने वर्ष 2025 में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए कई अधिकारियों और अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। अब ईडी की जांच का दायरा बढ़ने के साथ कई नए नाम भी जांच के घेरे में आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित