रांची , जून 03 -- झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग का जेएससीए के ओवल ग्राउंड में आज से आगाज हो गया।
राज्य में महिला क्रिकेट को नई पहचान और बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) ने झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का शुभारंभ किया गया है।
रांची स्थित जेएससीए अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम परिसर के ओवल ग्राउंड में आयोजित उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
टूर्नामेंट का उद्घाटन जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है। लंबे समय से महिला खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे इस लीग के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित होगी तथा राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार टीमों का ऑक्शन नहीं कराया गया है, लेकिन सभी खिलाड़ियों को जेएससीए की ओर से सम्मानजनक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव ने घोषणा की कि विजेता टीम को तीन लाख रुपये और उपविजेता टीम को दो लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच, सर्वश्रेष्ठ इकॉनमी बॉलर तथा सर्वाधिक छक्के लगाने वाली खिलाड़ी को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
टूर्नामेंट में चोटानागपुर ब्लास्टर्स, कोल्हान डायनामोज, पलामू वॉरियर्स और संताल चैलेंजर्स की टीमें भाग ले रही हैं। खेल प्रेमियों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह लीग राज्य की महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी और भविष्य में झारखंड को नई राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित