रांची , दिसंबर 09 -- झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आज सदन ने विपक्षी सदस्यों के बहिर्गमन के बीच वित्तीय वर्ष 25-26 के लिए 7 हजार 721 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की द्वितीय अनुपूरक बजट और तत् संबंधी विनयोग विधेयक को ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी।
भोजनावकाश के बाद सदन में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा हुई। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने चालू वित्त वर्ष के लिए सोमवार को 7,721.25 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट विधानसभा में पेश किया गया था। इस अनुपूरक बजट में सबसे अधिक 2,082.25 करोड़ रुपये की राशि महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग को देने का प्रस्ताव है। इसके बाद ग्रामीण कार्य विभाग को 1,324.82 करोड़ रुपये और स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग को 729.75 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
इस बजट पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बजट की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य में पैसे की कोई कमी नहीं है लेकिन केंद्र सरकार झारखंड के साथ भेदभाव कर रही है। सरकार के उत्तर से नाराज भाजपा सदस्यों ने सदन का बहिर्गमन किया। इसके बाद सदन ने भाजपा के नवीन जयसवाल के कटौती प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया तथा अनुपूरक बजट और तत्संबंधी संबंधी विनियोग विधेयक को ध्वनि मत से मंजूरी प्रदान कर दी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही बुधवार को 11:00 दिन तक के लिए स्थगित कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित