रांची , जून 18 -- झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज शाम 5:00 बजे से शुरू हो गई है।

विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कर ली गई। मतगणना शुरू होने के साथ ही उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की निगाहें परिणामों पर टिक गई हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के अनुसार अगले करीब दो घंटे में मतगणना का कार्य पूरा हो जाएगा, जिसके बाद चुनाव परिणाम की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

राज्यसभा की दो सीटों के लिए इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है, क्योंकि मैदान में तीन उम्मीदवार हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के समर्थित उम्मीदवार बैजनाथ राम, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार प्रणव झा और निर्दलीय प्रत्याशी तथा एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव मैदान में हैं।

तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होने के कारण राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बनी हुई है। मतदान से पहले क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किस उम्मीदवार को कितने विधायकों का समर्थन प्राप्त हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित