रांची , जून 18 -- झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैजनाथ राम और निर्दलीय प्रत्याशी तथा एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी ने जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस के प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा । श्री राम को 31 श्री नाथवानी को 28 और श्री झा को प्रथम वरीयता के 19 मत मिले जबकि तीन वोट रद्द कर दिया गया।

राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने मतदान किया था। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई मतगणना के बाद दोनों विजेताओं के नामों की आधिकारिक घोषणा की गई।

इस चुनाव में झामुमो के बैजनाथ राम, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार प्रणव झा और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी मैदान में थे। तीन उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में होने के कारण मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा था। परिणामों के साथ ही चुनाव को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया।

बैजनाथ राम की जीत सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, वहीं परिमल नाथवानी ने एनडीए के समर्थन के दम पर राज्यसभा की सीट हासिल करने में सफलता प्राप्त की। श्री नाथवानी झारखंड से तीसरी बार राज्यसभा के लिए चुने गए जबकि श्री राम पहली बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।चुनाव परिणाम के बाद दोनों खेमों में जश्न का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित