रांची , जून 01 -- झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो गई।
ये दोनों सीटें झारखंड आंदोलन के पुरोधा और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन तथा दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हुई हैं। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जून से 8 जून तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, लेकिन उम्मीदवारों के नामों को लेकर अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है।
सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन में लगातार बैठकों का दौर जारी है। गठबंधन में शामिल जेएमएम की एक सीट पर दावेदारी लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। हालांकि अंतिम फैसला अभी होना बाकी है और अगले एक-दो दिनों में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं विपक्षी एनडीए खेमे में भी उम्मीदवार के नाम पर मंथन जारी है। भाजपा ने एक सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा तो कर दी है, लेकिन उम्मीदवार के नाम पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
राजनीतिक गणित की बात करें तो 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 28 वोटों की आवश्यकता होती है।
हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली महागठबंधन (झामुमो 34, कांग्रेस 16, राजद 4 और माले 2) के पास कुल 56 विधायक हैं, जो दो सीटों पर जीत के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं। हालांकि सीटों के बंटवारे और उम्मीदवार चयन को लेकर गठबंधन के भीतर चर्चा जारी है।
वहीं दूसरी ओर एनडीए (भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा) के पास कुल 24 विधायक हैं। ऐसे में एक सीट जीतने के लिए उसे चार अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एनडीए की रणनीति निर्दलीय या अन्य दलों के विधायकों के समर्थन तथा संभावित क्रॉस वोटिंग पर टिकी हो सकती है।
इस बीच जयराम महतो की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। जेएलकेएम के एकमात्र विधायक जयराम महतो फिलहाल किसी भी खेमे के साथ खुलकर नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में उनका एक वोट राज्यसभा चुनाव के समीकरणों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें उम्मीदवारों की घोषणा और नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित