बोकारो , मई 03 -- झारखंड में बोकारो जिले के चीरा चास थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर मुख्य आरोपी संतोष कुमार गोस्वामी उर्फ लादेन को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बरामद लड़की को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। विगत 9 फरवरी 2025 को नंदुआ स्थान निवासी सुशीला देवी ने अपनी नाबालिग भतीजी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार जांच के दौरान पुलिस को डिजिटल साक्ष्य मिले, जिनसे खुलासा हुआ कि आरोपी और नाबालिग के बीच सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी।

आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया था। चास थाना प्रभारी पुष्प राज की अगुवाई में गठित टीम ने 2 मई को आरोपी को धनबाद से पकड़ा।

चास डीएसपी परवीन कुमार ने बताया, "लंबी जांच के बाद डिजिटल सुरागों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। नाबालिग सकुशल है और अब परिवार के पास सुरक्षित है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।" आरोपी चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड का निवासी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित