बोकारो , अक्टूबर 18 -- झारखंड में बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के झोपड़ी कॉलोनी में कृष्ण मंदिर के समीप स्थित एक खेत से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों में आज यहां बताया कि मृतक की पहचान झोपड़ी कॉलोनी निवासी त्रिलोकी शर्मा के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। युवक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया है। हालांकि, हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

परिजनों के अनुसार, अमित कुमार घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसका शव खेत में पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद माराफारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अन्तपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। युवक का चेहरा बुरी तरह कुचले होने के कारण घटना को लेकर कई आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, उसकी मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या कारण है, इसका खुलासा जांच और अन्तपरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित