बोकारो , जून 11 -- झारखंड में बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के डुंगरीगोड़ा हटिया के पास रेलवे ट्रेक के करीब सौ मीटर की दूरी पर खून से लथपथ एक शव को पुलिस ने बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पिंड्राजोरा पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पहचान और पूछताछ शुरू कर दी। प्रारम्भिक पूछताछ में मृतक की पहचान सुनता पंचायत के बड़ाटांड़ के 50 वर्षीय संतोष कुम्भकार के रूप में हुई है। परिवार और पड़ोसियों के अनुसार संतोष पारिवारिक उलझनों के कारण मानसिक रूप से परेशान था।

गाँव में इस हृदय विदारक घटना की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गयी और पूरे बड़ाटांड़ में मातम का माहौल है। परिवार के अन्य सदस्य स्तब्ध व तनावग्रस्त हैं। स्थानीय लोग और रिश्तेदार घटनास्थल पर एकत्रित होकर शोक जताया।

पुलिस शव को जब्त कर अन्तपरीक्षण के लिए चास अनुमंडल अस्पताल भेजकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनाक्रम की तह तक जाने के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा क्षेत्रीय व रेलवे पुलिस संबंधित सुरागों की पड़ताल कर रही है। प्रारम्भिक मौका स्थल परीक्षण व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण की पुष्टि की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित