बोकारो , अप्रैल 25 -- झारखंड में बोकारो जिले के चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र के तरंगा पंचायत के चिरूबाद गाँव से सटे जमुनिया नदी में प्लास्टिक बोरे में बंद अज्ञात महिला का शव तैरता मिलने के महज 24 घंटों में बोकारो पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का उद्भेदन कर 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतका चास थाना क्षेत्र से 20 अप्रैल को लापता बेबी देवी की निकली, जिसकी हत्या मुख्य आरोपी गुड्डू बर्नवाल उर्फ मुकेश ने पुराने विवाद के चलते साथियों संग की और शव को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि विगत 23 अप्रैल की रात स्थानीय लोगों ने चिरूबाद के पास जमुनिया नदी में प्लास्टिक बोरे में बंद शव तैरता देख पुलिस को सूचना दी ।

।।।चन्द्रपुरा थाना में अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या 45/2026 धारा 103(1)/238 बीएनएस दर्ज किया गया।

मृतका का अन्तपरीक्षण कराने के बाद शव डीवीसी अस्पताल चन्द्रपुरा के शवगृह में रखा गया, जहाँ चास से लापता बेबी देवी के पति व बेटे ने पहचान की।

बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो वशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सूचनाओं और गुप्तचरों के सहयोग से 24 अप्रैल को अनुसंधान तेज किया। चास थाना से लापता महिला की जानकारी मिलने पर परिजनों के संदेह और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर सेक्टर-9 से गुड्डू बर्नवाल उर्फ मुकेश व अनिल को पकड़ा गया।

अनुसंधान में खुलासा हुआ कि बेबी देवी व गुड्डू बर्नवाल के बीच पुरानी जान-पहचान थी, आपसी विवाद से क्रुद्ध आरोपी ने 40,000 रुपये लेकर साथियों से सुपारी ली। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बेबी देवी की हत्या की, शव की पहचान मिटाने हेतु बोरे में बंद कर नदी में फेंक दिया। मुख्य आरोपी गुड्डू बर्नवाल उर्फ मुकेश (42 वर्ष, सेक्टर-9), शौकत रजा उर्फ गुड्डू अंसारी (24 वर्ष), जागेश्वर महतो (23 वर्ष, रानीपोखर), विवेक कुमार (30 वर्ष, जैनामोड़) व अनिल कुमार (41 वर्ष, रायडीह मोड़) को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (रजि. नं. जेएच09 बी जी6008) बरामद की, जिसमें पीछे की सीट के नीचे खून के निशान व महिला के लंबे बाल मिले, जिन्हें जप्त किया गया। इसके अलावा 6 मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित