हजारीबाग , अगस्त 16 -- झारखंड में हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र के बोंगा गांव में प्रेम प्रसंग में महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या किए जाने कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि 15 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि बोंगा निवासी बीरेन्द्र कुमार, पिता नुनू प्रजापति की हत्या उसकी पत्नी संजू देवी ने कर दी है। सूचना मिलने के बाद इचाक थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजने के बाद मृतक की पत्नी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
पूछताछ में संजू देवी ने पुलिस को बताया कि बोंगा निवासी रंजन कुमार मेहता, पिता अशोक मेहता के साथ करीब दो वर्षों से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके अनुसार, पति बीरेन्द्र कुमार दोनों के संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी वजह से उसने 14 अगस्त की रात रंजन कुमार को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर बीरेन्द्र कुमार का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल रंजन कुमार मेहता को करियातपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त काले रंग का गमछा, एक तकिया और पारदर्शी पॉलिथिन बरामद किया गया। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय रंजन कुमार मेहता और 29 वर्षीय संजू देवी, पति स्व. बीरेन्द्र कुमार शामिल हैं। दोनों बोंगा गांव के रहने वाले हैं।
छापेमारी दल में इचाक थाना प्रभारी पु०अ०नि० गौतम कुमार, अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० संतोष कुमार-2, पु०अ०नि० नन्दकिशोर दास तथा इचाक थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित