रांची , अप्रैल 10 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के नेतृत्व में सदर अस्पताल, रांची के ऑडिटोरियम में "हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की देखभाल पर राज्य स्तरीय सम्मेलन" कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर विशेष जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें केरल के अमृता अस्पताल कोच्चि से आए अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञों द्वारा पूरे झारखंड से आए 170 बच्चों की जांच की गई। जांच के उपरांत 56 बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है। इन सभी बच्चों का ऑपरेशन पूरी तरह से निःशुल्क कराया जाएगा, जिससे उनके परिवारों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने कहा कि पहले ऐसे बच्चों को इलाज के लिए चेन्नई, चंडीगढ़ या छत्तीसगढ़ भेजना पड़ता था, लेकिन अब राज्य सरकार का प्रयास है कि यह सुविधा झारखंड में ही उपलब्ध हो-वह भी पूरी तरह मुफ्त। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग कैंप लगाए जाएंगे, ताकि सुदूर ग्रामीण और पिछड़े इलाकों तक पहुंचकर अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को चिन्हित किया जा सके और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

डॉ अंसारी ने कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जब एक डॉक्टर नीति-निर्माण की भूमिका में होता है, तो उसके निर्णयों का सीधा लाभ समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक पहुंचता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित