रांची , मई 03 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य कार्यालय में वरिष्ठ किसान नेता अतुल कुमार अंजान की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा में मुख्य रूप से सीपीआई के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, राज्य कार्यकारिणी सदस्य भंते जैनेंद्र तथागत, रांची जिला सचिव अजय कुमार सिंह, युवा नेता संतोष कुमार, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के एहतेशाम प्रवीण सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
नेताओं ने कहा कि कामरेड अतुल कुमार अंजान ने अपना पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष में समर्पित किया। उन्होंने पूंजीवाद, सांप्रदायिकता और नव-उदारवादी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई। वे एक प्रखर वक्ता, लेखक और कुशल संगठक थे, जिन्होंने किसान आंदोलनों को नई दिशा और ऊर्जा दी।
वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय किसान सभा में उनके नेतृत्व ने किसान एकता को मजबूत किया और किसानों के संघर्ष को मजदूरों एवं युवाओं के आंदोलनों से जोड़ने का काम किया। उनकी आवाज पूरे देश में जनसंघर्षों की पहचान बन चुकी थी।
नेताओं ने इस मौके पर संकल्प लिया कि वे उनके बताए मार्ग पर चलते हुए किसान आंदोलन को और तेज करेंगे तथा सामाजिक न्याय और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
सभा में अधिवक्ता जयंत कुमार पांडे, कृष्णकांत वर्मा, निरंजन भारती, विजय वर्मा, श्यामल चक्रवर्ती, राजेश कुमार शाह, छुमू उरांव सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित