रांची , जुलाई 31 -- झारखण्ड के लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के बरवाटोली में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान कुरसे गांव निवासी 24 वर्षीय वारिश अंसारी और उनकी 21 वर्षीय पत्नी सानिया खातून के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों स्कूटी से सेरेंगहातु गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बरवाटोली में साहू साइकिल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बाद में लोहरदगा-भंडरा रोड स्थित बीएस कॉलेज पुलिस पिकेट के पास से ट्रक को बरामद कर लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो चुका था। सदर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, वारिश और सानिया की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी तथा सानिया गर्भवती थीं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित