रामगढ़, 05अक्टूबर (वार्ता) झारखंड में रामगढ़ जिले के चुटूपालू घाटी क्षेत्र में आज दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान दुलमी निवासी बरकेश महतो के रूप में हुई है, जो सुबह काम पर जाने के लिए अपनी बाइक से निकला था। हादसे के तुरंत बाद हाइवा चालक वाहन समेत फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कियह हादसा सैनी होटल के पास तेज रफ्तार हाइवा ने एक बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और सड़क जाम कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भागने की कोशिश में हाइवा ने आगे एक कार को भी टक्कर मार दी, जिसमें सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोग सहम गए।

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन पांडेय, एसआई उपेंद्र कुमार सहित पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करते हुए सड़क से जाम हटाया और यातायात बहाल करने में जुट गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाइवा चालक काफी तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस फरार हाइवा चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में वाहन की खोजबीन की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजन घटना की सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे और न्याय की मांग की। प्रशासन ने मृतक परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित