रांची , मई 21 -- झारखंड में राज्यसभा के दो सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है।

वहीं झारखंड के अलावा देश के 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक जून-जुलाई 2026 में जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनकी सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। देश की 26 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। इनमें 10 राज्यों की 24 सीटों पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी।

झारखंड से राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। वहीं, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद उनकी सीट सितंबर 2025 से खाली चल रही है। ऐसे में राज्य की दोनों सीटों पर चुनाव होना तय हो गया है।

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जून 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 18 जून को होगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।

राज्यसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। विभिन्न दलों में संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण और अधिक दिलचस्प हो सकते हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष वायलेट रंग के पेन का ही उपयोग किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी, ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित