रांची , मई 16 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स के हॉस्टल में एमबीबीएस के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतक की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है। घटना के बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि अक्षित कुजूर रिम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल नंबर-8 के एचआईजी ब्लॉक में रहता था। शनिवार सुबह साथी छात्रों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद छात्रों ने तत्काल कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा।

साथी छात्रों ने गंभीर हालत में अक्षित को तुरंत रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद रिम्स प्रबंधन, छात्रावास व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि अक्षित एक मेधावी छात्र था। ऐसे में उसके इस कदम से साथी छात्र, डॉक्टर और संस्थान के लोग स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित