रांची , जून 21 -- झारखंड में मानसून के प्रवेश के दस दिन बाद अब इसकी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्यभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रांची में 20 मिमी, गुमला में 2.5 मिमी, हजारीबाग में 1 मिमी तथा पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 23.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं नामकुम में सबसे अधिक 55 मिमी बारिश दर्ज हुई। कई क्षेत्रों में बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं।

विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब झारखंड में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसे देखते हुए रांची सहित राज्य के पूर्वी और मध्य भाग के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

पूर्वानुमान के मुताबिक 25 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 3.5 डिग्री कम रहा। वहीं मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि पलामू, गढ़वा और चतरा के कुछ इलाकों में अभी भी गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने 25 जून तक विभिन्न जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित