रांची , जुलाई 20 -- आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार अब शिष्टाचार बन चुका है और सरकार जनता को योजनाओं के नाम पर छलने का काम कर रही है।
आजसू पार्टी की जिला इकाई की ओर से सोमवार को डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन में बीएलए-2 सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सात वर्षों में विकास और रोजगार के नाम पर केवल वादे किए गए, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सभी महिलाओं को योजनाओं का लाभ देने की बात कही गई, लेकिन बाद में पात्रता के नाम पर उन्हें बाहर कर दिया गया।
श्री महतो ने कहा कि आज राज्य में सरकार नहीं, बल्कि अधिकारी शासन चला रहे हैं। सांसद और विधायक की भूमिका कमजोर हो गई है तथा हर कुर्सी की कीमत तय कर दी गई है। उन्होंने डीएमएफटी की राशि के दुरुपयोग, राशन कार्ड से नाम हटाने, मइयां सम्मान योजना और बढ़ते अपराधों का मुद्दा उठाते हुए सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर जनता तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया। मांडू विधायक तिवारी महतो ने भी सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि चतरा को नेताओं ने चारागाह बना दिया है।
मगध-आम्रपाली परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलने तथा कोयला परिवहन में मिलीभगत का आरोप लगाया। कहा कि झारखंड को लालू यादव, हेमंत सोरेन, मधुकोड़ा अर्जुन मुंडा सभी ने मिलकर बारी-बारी से लुटा। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवलाल दांगी एवं संचालन हीरा निषाद ने किया। कार्यक्रम को केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, उमेश भोगता, केंद्रीय सचिव पारसनाथ सिंह, सिद्धार्थ सिंह, हेमलाल महतो, परमेश्वर महतो ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित