बोकारो , अक्टूबर 13 -- झारखंड में बोकारो जिले के विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय से प्राप्त 53 मोटरसाइकिलों का वितरण पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने विभिन्न थानों और पुलिस पदाधिकारियों के बीच किया।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि सभी मोटरसाइकिलें जीपीएस और सायरन से लैस हैं। इनके मूवमेंट की निगरानी वरीय पुलिस पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी।
नई मोटरसाइकिलों से संकरी गलियों, बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पहुंच आसान होगी। इससे नियमित गश्त, निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में भी इनका उपयोग किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित गश्त और अपराध नियंत्रण के लिए मोटरसाइकिलों का प्रभावी उपयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों को अपना मोबाइल नंबर स्थानीय समूहों और मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक करने को कहा, ताकि आम नागरिक जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क कर सकें।
इससे पहले जिले के विभिन्न थानों को 103 मोटरसाइकिलें और 78 बोलेरो उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। अब 53 अतिरिक्त मोटरसाइकिलें मिलने से जिले की पुलिस व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित