बोकारो , सितंबर 10 -- झारखंड में बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र में एक महिला की आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो के संबंध में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद करीब तीन माह से फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आरोपी राजा बाबू दास, निवासी बाभनडांगरा, चंदनकियारी को चास स्थित धर्मशाला मोड़ से गिरफ्तार किया गया।

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि करहरिया गांव निवासी एक महिला की शिकायत के आधार पर बालीडीह थाना में साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में आरोपी राजा बाबू दास पर महिला की आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो को कथित रूप से वायरल करने तथा उसे सार्वजनिक करने की धमकी दिए जाने से संबंधित आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एवं शिकायतकर्ता महिला के बीच पूर्व में वैवाहिक संबंध होने की जानकारी सामने आई है। बाद में आरोपी द्वारा दूसरी शादी किए जाने के पश्चात दोनों के बीच विवाद उत्पन्न होने की बात जांच के दौरान सामने आई। इसी क्रम में महिला की फोटो एवं वीडियो के कथित दुरुपयोग तथा उन्हें प्रसारित करने की धमकी से संबंधित शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई थी।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब तीन माह से गिरफ्तारी से बचता रहा। इसी बीच पुलिस को उसके चास के धर्मशाला मोड़ के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले के अनुसंधान के दौरान संबंधित डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की जांच की जा सकती है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित फोटो एवं वीडियो के संबंध में किसी प्रकार का प्रसारण अथवा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से संचार हुआ था या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित