बोकारो , अक्टूबर 28 -- झारखंड में बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 बोतल विदेशी शराब बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पुलिस ने हरला थाना क्षेत्र के राजेंद्र मोड़ स्थित बीएसएल की जमीन पर बने एक घर में छापेमारी कर विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित शराब कारोबारी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, राजेंद्र मोड़ स्थित उक्त घर में अवैध विदेशी शराब का भंडारण किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान घर से विभिन्न ब्रांड की करीब 200 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि, पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

बताया जाता है कि जितेंद्र कुमार हाल ही में अवैध शराब की बिक्री से जुड़े मामले में जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद उसके दोबारा इस कारोबार में सक्रिय होने की बात सामने आई है। वह लंबे समय से बीएसएल की जमीन पर घर बनाकर रह रहा था।

सिटी डीएसपी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही, इस कारोबार से अर्जित संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित विभाग को रिपोर्ट सौंपकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही, अवैध शराब के कारोबार से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित