बोकारो , अक्टूबर 03 -- झारखंड में बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के आहार टोला एवं घोईचा टोला में अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री के खिलाफ छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आहार टोला में कृष्णा मुर्मू की दुकान पर हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से रखी गई विदेशी शराब और बीयर बरामद की। मामले में पुलिस ने कृष्णा मुर्मू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान दुकान से रॉयल चैलेंजर 180 एमएल की 11 बोतल, 375 एमएल की 11 बोतल, किंगफिशर बीयर 650 एमएल की 36 बोतल तथा बडवाइजर बीयर 650 एमएल की 12 बोतल बरामद की गई।

इस संबंध में माराफारी थाना में कांड संख्या 81/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 292, 274, 275, 132 एवं 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

छापेमारी दल में माराफारी थाना के पुअनि सतेन्द्र पासवान, सअनि रविन्द्र मांझी, आरक्षी अबोध रजवार समेत पुलिस केंद्र बोकारो के हवलदार अविन्द कुमार सिंह, आरक्षी राजेश कुमार सिंह, अजय कुमार, मनोज टुडू, धर्मेन्द्र कुमार पासवान, धनंजय कुमार तथा महिला आरक्षी दिपाली कुमारी और अहेल्या कुमारी शामिल थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित