बोकारो , नवंबर 04 -- झारखंड मे बोकारो जिले के पेटरवार पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर गिरोह के चार बाइक चोर को गिरफ्तार कर चोरी की 17 मोटरसाइकिलें बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष वाहन जांच एवं छापेमारी दल ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गोला, पेटरवार और कसमार थाना क्षेत्रों से चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पेटरवार थाना क्षेत्र में कसमार-पेटरवार मुख्य मार्ग पर राजा तालाब के समीप पुलिस ने कसमार की ओर से आ रहे दो मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। इसके बाद पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। वाहन के आवश्यक कागजात मांगने पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान अनुज महतो, निवासी पिरगुल, थाना कसमार तथा लालबाबू तुरी, निवासी चरकपखना, थाना पेटरवार के रूप में हुई। दोनों को मोटरसाइकिल सहित थाने लाकर पूछताछ की गई।
पुलिस की पूछताछ में अनुज महतो ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और रांची के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। गिरोह के सदस्य चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री भी करते थे। इस मामले में निरुद्ध किशोर और किशोर महतो, निवासी रंगामाटी, थाना कसमार सहित अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई।
इस संबंध में पेटरवार थाना कांड संख्या 176/26, दिनांक 04.11.2026 को बीएनएस की धारा 303(2), 317(2), 317(4), 317(5), 111(3), 111(4), 111(5) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 17 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें हीरो स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, पैशन प्रो, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, होंडा ड्रीम युगा, टीवीएस अपाचे और यामाहा सल्यूटो सहित विभिन्न कंपनियों के वाहन शामिल हैं।
बरामद मोटरसाइकिलों में कई के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन नंबर और चेसिस नंबर उपलब्ध हैं, जबकि कुछ वाहनों के नंबर मिटाए गए अथवा खरोंचकर छिपाने का प्रयास किया गया है। पुलिस द्वारा सभी वाहनों के सत्यापन की प्रक्रिया की जा रही है।
इस मामले में अनुज महतो, लालबाबू तुरी, किशोर महतो और निरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस विशेष अभियान में पेटरवार थाना प्रभारी पु0अ0नि0 राजू कुमार मुंडा, कसमार थाना प्रभारी पु0अ0नि0 कुंदन कुमार, गोला थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अभिषेक कुमार, पु0अ0नि0 सुनील कुमार पटेल, पु0अ0नि0 अगस्टीन टेटे, पु0अ0नि0 इमामुल कुजुर, स0अ0नि0 विनय कुमार पाल सहित आरक्षी अजय कुमार महतो, सिराजुद्दीन अंसारी, सैयद अंसारी एवं चालक आरक्षी वीरेंद्र कुमार यादव और रविंद्र राम शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित