बोकारो , मई 27 -- झारखंड में बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के पिंड्राजोरा स्थित विगत 15 वर्षो से बंद खदान में उसी गांव के एक युवक की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस और ग्रामीणों की प्रयास से झांगड़ के सहारे चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि खदान से युवक को बहार निकालने के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक की मौत की पुष्टि की। पुलिस शव का पंचनामा करने के पश्चात परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार पिंड्राजोरा गांव का 25 वर्षीय अंकित कुमार, पिता असित कुमार प्रत्येक दिन के भांति बुधवार को सुबह स्नान आदि के बाद शिव मंदिर में पूजा कर घर लौटा। सुबह नौ बजे के समय अपनी स्कूटी लेकर खदान की और गया खदान के पास स्थित काली मंदिर में पूजा अर्चना के बाद ग्राम देवता डुंगरी स्थान का दर्शन कर खदान में पहले से ट्युब के सहारे तैर रहे बच्चों को खदान के किनारे होकर देख रहा था। दस मिनट बाद मां काली का जयकारा लगाकर खदान में कुद गया। काफी देर तक नहीं उठने पर तैर रहे ग्रामीण युवको ने परिजनों की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण खदान पहुंचे। काफी प्रयास किया गया लेकिन युवक को निकाल नहीं सके। फिर चार पांच झांगड़ खदान में डालकर खोजबीन किया जाने लगा। चार घंटे मशक्कत के बाद युवक का शव निकालने में सफल हुए। इस घटना से परिजनो सहित अन्य सगे संबंधी का रो रोकर बुरा हाल है।
युवक बीए फाइनल इयर का छात्र था तथा पूजा पाठ पर ज्यादा विश्वास रखता था। इसकी इस हरकत से मां बाप सहित अन्य परिजन परेशान थे। ग्रामीणों ने बताया कि ये मानसिक रूप से विक्षिप्त था और इलाज चल रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित