बोकारो , अक्टूबर 06 -- झारखंड में बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के गवई ब्रिज के समीप एंटी क्राइम वाहन जांच के दौरान पुलिस ने मारुति सुजुकी अर्टिगा कार से 375 एमएल की चार बोतलों में रासायनिक पदार्थ बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बरामद बोतलों में संदिग्ध प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ रखा हुआ था। पदार्थ के संबंध में वाहन सवार लोग कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। मामले में पुलिस ने कार सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को गवई ब्रिज के पास एंटी क्राइम जांच के तहत वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान अर्टिगा कार को रोककर जांच की गई। तलाशी के क्रम में कार से 375 एमएल की चार बोतलें बरामद हुईं। बरामद पदार्थ के संबंध में पुलिस ने वाहन सवार लोगों से वैध कागजात की मांग की, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने पदार्थ को जब्त करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार उर्फ संजय डोम (रानीपोखर, हरला), संजय सिंह (सेक्टर-8/सी, हरला), मनोज कुमार तुरी (सेक्टर-8/सी, हरला), वीर सिंह (सेक्टर-6) और राज कुमार महतो (सेक्टर-8/सी) शामिल हैं।

पुलिस ने मामले में पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 123/26, दिनांक 5 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित