बोकारो , मई 29 -- झारखंड में बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के संथालडीह मोड़ स्थित स्किल ट्रेनिंग सेंटर (एनजीओ) में तीन महीने के कौशल विकास प्रशिक्षण के उपरांत आयोजित परीक्षा में कुछ व्यक्ति द्वारा युवाओं के फोटो का उपयोग कर फर्जी आधार कार्ड बनाकर उन्हें परीक्षा में बैठाने के आरोप मे एन जी ओ संचालक सहित 3 लोगो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग गलत तरीके से परीक्षा मे शामिल होने का दबाव बना रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चास वेदान्त शंकर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन गया। तत्पश्चात कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी के नेतृत्व में छापामारी की गई।
मौके पर दंडाधिकारी के समक्ष फर्जी आधार कार्ड बनाने में प्रयुक्त लैपटॉप, प्रिंटर तथा तीन कूटरचित आधार कार्ड समेत अन्य साक्ष्य जप्त किया गया।छापामारी के दौरान एन जी ओ के संचालक तथा दो कर्मियों (कुल 03 अभियुक्त) को गिरफ्तार कर पिंडराजोरा थाना लाया गया।
उक्त मामले मे पुलिस ने 44 वर्षीय प्रदीप कुमार कसेरा 374 पिण्ड्रा वाराणसी, थाना फूलपुर, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश), 36 वर्षीय धर्मेन्द्र कुमार मोनिया बोधगया, थाना बोधगया, जिला गया (बिहार), 38 वर्षीय नरेन्द्र कुमार, सिंदरी, थाना सिंदरी, जिला धनबाद को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जप्त सामग्री तथा मोबाइल कॉल डिटेल्स की सहायता से फर्जी पहचान पत्र बनाने के नेटवर्क का पता लगाया जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित