बोकारो , जुलाई 07 -- झारखंड में बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र के चपरी के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सीमेंट लदा एक ट्रक और एक बाइक की सीधी टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार घटनास्थल पर ही गिर कर घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान नावाडीह निवासी सुनिल महतो (पिता-कार्तिक महतो) और कटघरा निवासी पवन महतो (पिता-स्व. शंभू महतो) के रूप में की गई है।

हादसा इतना भयंकर था कि डुमरी-फुसरो मुख्य मार्ग पर दोनों दिशाओं का यातायात ठप हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक और बाइक को सड़क किनारे किया गया, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। एक युवक घटनास्थल पर ही मृत पाया गया जबकि दूसरे को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर डुमरी विधायक जयराम महतो और झारखंड मुक्ति नेता अखिलेश महतो उर्फ राजु पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित