बोकारो , अगस्त 05 -- झारखंड में बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह एक सनकी युवक ने कुल्हाड़ी से हमले कर तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतकों में 70 वर्षीय जानकी महतो और पत्नी 62 वर्षीय सुगिया देवी शामिल है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायलों में पुत्रवधू गोरी देवी (45) हैं, जिन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया, वहां उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
परिवार के लोग धान की बुआई के लिए बीज लेकर खेत जा रहे थे तभी गांव के ही राजू सिंह ने अचानक उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी थी कि परिजन संभल भी नहीं सके।
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के आरोपी राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों मृतकों के शव को अन्तपरीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति और हमले के कारणों की पड़ताल की जा रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांववासी घटना से स्तब्ध और दुखी हैं।
ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित