बोकारो , मई 28 -- झारखंड में बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबने से शास्त्री नगर, फुसरो निवासी छात्र प्रियांशु गुलाटी की मौत हो गई।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना रीजनल हॉस्पिटल सीसीएल ढ़ोरी पहुंचे। उन्होंने मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा संवेदना व्यक्त की।

उपायुक्त ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस कठिन घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

डीसी ने कहा कि दामोदर नदी सहित अन्य जलाशयों के गहरे एवं खतरनाक स्थानों पर स्थायी चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित