बोकारो , जुलाई 13 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ के पास वृद्ध व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 3.50 लाख रुपये लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है।

बोकारो पुलिस की विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए बिहार के कटिहार जिले से दो आरोपियों को चिन्हित कर आरोपियों के घर से लूटी गई पूरी रकम 3 लाख 50 हजार रुपये बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विगत 7 जुलाई 2026 को दोपहर चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ के समीप बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की को तोड़कर उसमें रखा 3.50 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गए थे। घटना को लेकर पीड़ित की शिकायत पर चास थाना में कांड संख्या 86/26 दिनांक 07.07.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक चास वेदांत शंकर के निर्देशन और चास थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल और अपराधियों के भागने वाले रास्तों पर लगे सी सी टी वी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंची।

पुलिस टीम ने बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 12 जुलाई को छापेमारी की। इस दौरान मामले के अप्राथमिकी अभियुक्तों के ठिकानों पर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान आरोपी राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला के ससुराल स्थित घर से चास लूट कांड में चोरी की गई पूरी राशि 3.50 लाख रुपये बरामद कर ली गई। अपराधियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि निरो उर्फ निरेन्द्र बनजारा, पिता राजेन्द्र बनजारा, निवासी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार) और राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला, पिता कमल ग्वाला, निवासी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार) आरोपी का स्थायी पता फटापुकुर, थाना राजगंज, जिला जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित