बोकारो , सितंबर 30 -- झारखंड में बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा डीवीसी कॉलोनी में बीते 17 सितंबर की रात्रि हुए जघन्य दोहरे हत्याकांड में मृतक नरेश सिन्हा एवं उनकी पत्नी रेनू सिन्हा की मौत के बाद गंभीर रूप से घायल पुत्र रोहित की मौत बीते कल शाम रांची के एक अस्पताल में हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विगत 17 सितंबर को हुए गोली कांड में नरेश सिन्हा के पुत्र रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रांची के एक अस्पताल में रेफर कर दिया।

घटना के 13 दिनों बाद भी इस मामले मे पुलिस के हाथ खाली पड़े हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की है, इसके बावजूद मामले का उजागर अभी तक नहीं हो पाया है। उक्त तिथि को अज्ञात अपराधियों ने मृतक के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी ,इससे दो व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। अपराधियों की पहचान पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है।

लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा घटना का निष्पक्ष एवं प्रभावी अनुसंधान करते हुए दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। उक्त हत्या कांड के बाद इस क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित