बोकारो , अगस्त 09 -- झारखंड में बोकारो जिले के चंदनकियारी विद्युत सबस्टेशन में बीते तीन अगस्त की देर रात्रि हुई डकैती का बोकारो पुलिस ने खुलासा कर मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक पिकअप वाहन, एक बोलेरो, करीब 1200 मीटर स्क्रैप तार समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी रखने की बात कही है।
सीसीआर डीएसपी रामप्रवेश कुमार और थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि तीन अगस्त की देर रात 10-12 की संख्या में नकाबपोश अपराधी चंदनकियारी विद्युत सबस्टेशन में घुस गए थे। अपराधियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अशोक हेम्ब्रम की कनपटी पर रिवॉल्वर जैसी वस्तु सटाकर उसे बंधक बना लिया और सबस्टेशन से कई विद्युत उपकरण व तार लूट लिए थे।
पुलिस के अनुसार अपराधी कंट्रोल केबल, रैबिट कंडक्टर, स्क्रैप तार, वूल्फ कंडक्टर, 500 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर कॉइल और करीब 100 लीटर ट्रांसफॉर्मर ऑयल सहित अन्य सामान ले गए थे। लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 31.39 लाख रुपये बताई गई है।
घटना को लेकर सहायक विद्युत अभियंता नरेंद्र मिंज के लिखित आवेदन पर चंदनकियारी थाना में मामला दर्ज किया गया था। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर चास एएसपी वेदांत शंकर के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र स्थित जयनगर मुस्लिम टोला से मुहम्मद शहजाद, अलाउद्दीन अंसारी उर्फ लादेन और प्रकाश प्रजापति को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पिकअप वाहन संख्या जेएच02बीएस-1673, बोलेरो वाहन संख्या जेएच 01सीसी-5643, एक तिरपाल, करीब 1200 मीटर स्क्रैप तार, सैमसंग का कीपैड मोबाइल, नोकिया का मोबाइल और आईक्यूओओ कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा अलाउद्दीन अंसारी उर्फ लादेन के पास से 8,600 रुपये नकद, इंडियन बैंक का क्रेडिट कार्ड, एचडीएफसी बैंक का डेबिट कार्ड व बिजनेस कार्ड, आधार कार्ड, दवाइयां और रेडमी मोबाइल भी बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ लूटे गए शेष सामान की बरामदगी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित