बोकारो , अक्टूबर 05 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के पलिहारी गुरुडीह पंचायत स्थित भगत अहरा तालाब में डूबने से गुलाब पासवान की मौत हो गयी। वह रविवार दोपहर तालाब में नहाने गया था।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि तालाब में नहाने पहुंचे लोगों ने उसका शव पानी में देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी। जानकारी के अनुसार, गुलाब पासवान रविवार दोपहर भगत अहरा तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह फिसलकर पानी में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरने के बाद वह उठकर बैठ गया और कुछ देर बाद फिर से नहाने लगा।
इसके बाद वहां मौजूद लोग वहां से चले गये. इसी दौरान गुलाब पासवान तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सोमवार को कुछ लोग तालाब में नहाने पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े शव पर गयी। शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी।
घटना की सूचना मिलने पर गोमिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लिया और अंतपरीक्षण के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित