बोकारो , अगस्त 25 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया प्रखण्ड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के दनरा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।

मृतक भुनेश्वर सिंह जंगल में बांस करील और मशरूम चुनने गया था।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सुबह अचानक मौसम खराब हुआ और गरज के साथ बिजली गिरी। वज्रपात के झटके से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसके हाथ और माथे में गंभीर चोटें आईं। वह जंगल में ही अचेत होकर गिर पड़ा। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की तो वह अचेत मिला।

सूचना पर चुटे पंचायत के मुखिया रियाज अंसारी पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी गोमिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक द्वारा मृत घोषित करने के बाद शव को अन्तपरीक्षण के लिए अनुमंडल अस्पताल तेनुघाट भेज दिया गया।

मृतक की दो पत्नियां हैं और वह अपने पीछे तीन बेटी और दो बेटे सहित पांच बच्चे छोड़ गया है।घटना से गांव में मातम पसरा है।

इधर घटना की सूचना मुखिया मो. रियाज अंसारी द्वारा मंत्री योगेन्द्र प्रसाद और उनके प्रतिनिधि नागेश्वर चौधरी को दे दी गई है। मुखिया और ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित