बोकारो , सितंबर 30 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया थाना (कथारा ओपी) क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से अपहरण करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार यादव उर्फ विजय यादव, पिता कामेश्वर यादव, निवासी खेतको बखरी टोला, थाना पेटरवार, जिला बोकारो के रूप में हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 30 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में महली बांध निवासी अनल कुमार, पिता महेश रजवार, ने 11 मई 2026 को लिखित आवेदन देकर अपहरण का आरोप लगाया था। आवेदन के आधार पर गोमिया थाना (कथारा ओपी) कांड संख्या 63/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई थी।

मामले में पुलिस ने इससे पहले दो आरोपियों कामेश्वर यादव, पिता स्वर्गीय बिमल महतो, और कन्हैया यादव, पिता कामेश्वर यादव, दोनों निवासी खेतको बखरी टोला, थाना पेटरवार, को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, तीसरा आरोपी विजय कुमार यादव फरार चल रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार यादव के खिलाफ पेटरवार थाने में वर्ष 2020 में कांड संख्या 204/2020 तथा वर्ष 2013 में कांड संख्या 158/2013 दर्ज हैं। इसके अलावा गोमिया थाना (कथारा ओपी) में अपहरण से संबंधित कांड संख्या 63/2026 भी दर्ज है। छापेमारी दल में कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक रवि चौरसिया तथा कथारा ओपी के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित