रांची , अक्टूबर 05 -- झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 6 से 9 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जना और वज्रपात हो सकता है। वहीं 9 अक्टूबर को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश और वज्रपात की संभावना है।
मौसम में बदलाव के कारण अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों के दौरान कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
राजधानी रांची में 6 से 8 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 9 अक्टूबर को भी रांची में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
10 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके बाद 11 अक्टूबर से मौसम साफ होने और राज्य में फिर से शुष्क मौसम लौटने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित