रांची , मार्च 30 -- झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में फिलहाल आसमान में आंशिक बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च को मौसम शुष्क है, लेकिन 31 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी जिलों-पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार-को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में गर्मी का असर तेजी से बढ़ता दिख रहा है। अधिकांश शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म महसूस हो रही हैं।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.6degC और न्यूनतम 20.1degC दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहा, लेकिन रात में हल्की उमस महसूस की गई। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.8degC और न्यूनतम 26.0degC रिकॉर्ड किया गया, जहां रात का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक रहा।
सबसे अधिक गर्मी डाल्टनगंज में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 38.2degC तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 21.3degC रहा, जो सामान्य से ऊपर है। बोकारो में अधिकतम तापमान 36.5degC और न्यूनतम 25.6degC दर्ज किया गया, जहां रात का तापमान सामान्य से करीब 9 डिग्री अधिक रहा।
इसी तरह चाईबासा में अधिकतम तापमान 37.6degC और न्यूनतम 24.6degC रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुमला राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 18.5degC दर्ज किया गया।
बारिश की बात करें तो पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई है, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश जरूर देखने को मिली।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित