लातेहार , मई 23 -- झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस में पांच लाख का इनामी जोनल कमांडर व एरिया कमांडर गिरफ्तार किया है।
एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के सक्रिय सब जोनल कमांडर और पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह उर्फ शिव जी उर्फ शिवा उर्फ कैला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद संगठन के एक अन्य एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव को भी पुलिस ने दबोच लिया।
एसपी को सूचना मिली थी कि शिव नारायण सिंह अपने दस्ते के साथ पिछले कुछ दिनों से लातेहार थाना क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। बीती रात 22 मई 2026 को करीब 10 बजे सूचना प्राप्त हुई कि वह धनकारा मोड़ की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर लातेहार थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धनकारा मोड़ के पास से शिव नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने कई नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर जेजेएमपी संगठन के एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव को उसके घर सेमरियाटांड़, तुपुखुर्द से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार शिव नारायण सिंह के खिलाफ लातेहार, चतरा और रांची जिलों में कुल 24 मामले दर्ज हैं, जबकि सुकुलदेव उरांव के खिलाफ लातेहार जिले में दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
इस अभियान में लातेहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा, पुअनि विक्रांत कुमार उपाध्याय, कामता कुमार, संतोष कुमार सहित पुलिस बल के जवान मनोज कुमार पासवान और दिपू कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित