रांची , जनवरी 27 -- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर से अपहृत कारोबारी पुत्र कैरव गांधी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस ने यह कार्रवाई झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित हजारीबाग जिले के बरही इलाके में की। बरामदगी के बाद कैरव गांधी को सुरक्षित उनके परिजनों के पास पहुंचा दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि अपहरण के बाद अपराधी पुलिस से बचने के लिए कारोबारी पुत्र को लगातार एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि कैरव गांधी को हजारीबाग के चौपारण क्षेत्र के आसपास बिहार के इलाके से दोबारा कहीं और ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही जमशेदपुर पुलिस ने कई टीमों का गठन कर एक साथ छापेमारी शुरू की। पुलिस की घेराबंदी देख अपराधी कैरव गांधी को कार में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने कैरव को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।

जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि इस अपहरण कांड के पीछे बिहार का एक संगठित किडनैपिंग गिरोह शामिल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहरणकर्ता हर दिन ठिकाना बदल रहे थे ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके।

इस मामले में जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने आज बताया कि कारोबारी पुत्र कैरव गांधी को पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अपहरण में शामिल आपराधिक गिरोह की पहचान कर ली गई है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित