मेदिनीनगर , अगस्त 21 -- झारखंड के हैपलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में कल देर रात एनएच पर काम कर रहे दो मजदूरों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। घायल मजदूरों के मुताबिक, बाइक पर सवार कुछ अपराधी काम कर रहे मजदूरों के पास पहुंचे और उनसे माचिस मांगी। मजदूरों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाइक सवार अपराधियों ने दोनों मजदूरों पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। उनकी पहचान 26 वर्षीय अजय हांसदा और 20 वर्षीयसंजय हंसदा के रूप में हुई है। दोनों पुरुलिया बंगाल के रहने वाले हैं।
घटना के बाद अपराधी बाइक से मौके से फरार हो गए। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। रात एक बजे एमएमसीएचमें इलाज के लिए लाया गया।
सूचना मिलते ही जिले के एसपी कपिल चौधरी और सतबरवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वारदात के बाद एनएच पर काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित