मेदिनीनगर , जुलाई 25 -- झारखंड में पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह हुटार गांव में अवैध भरठुवा बंदूक की सफाई करने के क्रम में अचानक गोली चल गई, जिसमें 75 वर्षीय श्याम लाल भुइयां के सीने में लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

श्याम लाल बंदूक की सफाई कर रहे थे, इसी क्रम में घटना हुई। घटना की जानकारी मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डेड बॉडी को कब्जे में लिया। रविवार सुबह 9 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना शनिवार रात 8 बजे की बताई गई है।

श्याम लाल के बेटे वीरेंद्र भुइयां के अनुसार उनके पिता 40 साल से अधिक समय से भरठुवा बंदूक घर में रखे हुए थे। पहले कभी-कभी जंगली जानवर का शिकार करते थे। बंदूक में बारूद भरा हुआ था। शनिवार रात श्यामलाल बंदूक की सफाई कर रहे थे। अचानक गोली चल गई और श्याम लाल के सीने में लग गई। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

श्यामलाल बढ़ई मिस्त्री का काम करते थे। बेटे वीरेंद्र ने बताया कि उसके जन्म के पहले से बंदूक घर में था। पिताजी बंदूक कहां से लाए थे इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

रामगढ़ के थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने रविवार सुबह 9 बजे बताया कि थाना से 10 किलोमीटर दूर नावाडीह हुटार गांव में भरठुवा बंदूक से गोली चलने की जानकारी मिली। सूचना पर मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने श्याम लाल भुइयां को मृत पाया।

परिवार के लोगों ने बताया कि श्याम लाल द्वारा अवैध बंदूक की सफाई एवं अन्य कार्य करने के क्रम में अचानक गोली चल गई थी। मामले में जांच की जा रही है। इसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित