मेदिनीनगर , जून 19 -- झारखंड के पलामू जिले के शुक्रवार की सुबह लगभग 4:30 बजे शहर के सब्जी मार्केट स्थित लदीगढ़ कॉम्प्लेक्स के सामने एक मकान में भीषण आग लग गई।

आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मकान मालिक अविनाश प्रकाश ने बताया कि आग सुबह 4:30 से 5:00 बजे के बीच लगी। उनके अनुसार, यह घटना आपसी विवाद का परिणाम हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पिछले तीन वर्षों से उन्हें परेशान कर रहे हैं और किसी ने जानबूझकर उनके मकान में आग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका।

अविनाश प्रकाश के अनुसार, आग लगने से घर में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि घरेलू सामान का लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि मकान को करीब 5 करोड़ रुपये की क्षति पहुंची है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं, आग लगने के कारणों की जांच की मांग उठ रही है। पुलिस एवं संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। यदि आगजनी की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित