रांची , जुलाई 31 -- भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कांग्रेस से सरकार से समर्थन वापस लेने और मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अमर कुमार बाउरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित राज्य सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर अपनी तिजोरी भरने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी, उत्पाद सिपाही और जूनियर इंजीनियर जैसी भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियां सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
श्री बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए संसद से कानून पारित होने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समस्याओं का समाधान करने का काम करते हैं, जबकि झारखंड में सरकार रोजगार बेचने का कार्य कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं के बावजूद सरकार ने उसी विवादित कंपनी को परीक्षाओं के आयोजन का जिम्मा सौंपा। साथ ही यह भी कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी जैसी संस्थाओं में सत्ता से जुड़े लोगों के परिजनों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिसका नुकसान राज्य के लाखों युवाओं को उठाना पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि 22 जुलाई को भाजपा युवा मोर्चा द्वारा जेपीएससी घेराव के बाद सरकार ने जल्दबाजी में सीआईडी जांच के आदेश दिए, कई गिरफ्तारियां हुईं और जेपीएससी अध्यक्ष ने इस्तीफा भी दिया, लेकिन सरकार जांच को भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नीट परीक्षा मामले में विपक्षी दलों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी, उसी नैतिकता के आधार पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो शिक्षा विभाग भी संभालते हैं, उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
भाजपा ने सभी कथित भर्ती घोटालों की जांच सीबीआई से कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। बाउरी ने कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो युवा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देश पर शुक्रवार को राज्य के सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि शनिवार को भाजपा युवा मोर्चा सभी जिलों में धरना देकर छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी अजय राय, प्रवक्ता दीनदयाल बर्णवाल, रमाकांत महतो और रविनाथ किशोर भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित