रांची , जुलाई 21 -- झारखंड में दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट-2026 का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने गुब्बारे उड़ाकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिसकर्मी वर्ष के 365 दिन, चौबीसों घंटे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करते हैं। लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने के कारण उन पर शारीरिक एवं मानसिक दोनों प्रकार का दबाव रहता है। ऐसे में खेलकूद न केवल तनाव को कम करने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता विकसित करने का भी सशक्त साधन है।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएँ विभिन्न जिलों के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं, जिससे कार्यक्षमता एवं संगठनात्मक एकजुटता को नई ऊर्जा मिलती है।
दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट में राँची, सिमडेगा, गुमला, खूंटी एवं लोहरदगा जिले के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता 21 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, वुशु, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, योग, भारोत्तोलन, कराटे, जूडो, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती तथा क्रिकेट सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न जिलों के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक्स एवं अन्य खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। आगामी दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। प्रतियोगिता का समापन एवं विजेताओं का सम्मान समारोह 23 जुलाई 2026 को आयोजित होगा।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पुलिस उपाधीक्षक, अन्य पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित