मेदिनीनगर , मई 02 -- झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ गांव में तिलक समारोह के दौरान कल देर रात हर्ष फायरिंग में गोली छिटक कर तिलक चढ़ा रहे पंडित और एक बुजुर्ग बाराती को लगी।
पंडित के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि बाराती के पीठ को लगते हुए गोली निकल गई। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज किया गया। पंडित को बेहतर इलाज के लिए गया के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों लाइसेंसी हथियार जब्त कर हरिहरगंज पूर्वी के पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात के बाद शादी की खुशियां गम में बदल गई है। यह घटना शुक्रवार रात 11 बजे के आस पास की है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र की खैरादोहर पंचायत स्थित ग्राम शिल्दाखुर्द निवासी करीमन बैठा अपनी बेटी का तिलक लेकर हरिहरगंज के भगत तेंदुआ गांव गए थे। राहुल रजक का तिलक चढ़ रहा था। राहुल पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा का ड्राइवर है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण चल रहा था, तभी सरोज प्रसाद कुशवाहा जोश में आकर कल अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाने लगे। इसी क्रम में गोली छिटकी और शिल्दाखुर्द निवासी 60 वर्षीय जागेश्वर बैठा की पीठ में लगते हुए पार हो गई और कार्यक्रम संपन्न करा रहे पंडित कटैया निवासी अरविंद मिश्रा के दाहिने पैर में घुस गई।
समारोह में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली हर्ष फायरिंग में चली या किसी रंजिश के तहत चलाई गई।
प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी के बावजूद ऐसे मामलों का सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका लाइसेंस हथियार भी जप्त कर लिया गया है। हथियार लाइसेंस कैंसिल करने के लिए अनुशंसा की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित