रांची, 11अक्टूबर (वार्ता) झारखंड में मौसम का मिजाज अब तेजी से बदल रहा है।

पिछले कुछ दिनों की लगातार बारिश के बाद राज्य के कई इलाकों में आसमान साफ हो गया है, लेकिन तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

राजधानी रांची, पलामू और लातेहार समेत कई जिलों में सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आज कहा है कि यह संकेत है कि झारखंड में अब धीरे-धीरे ठंड की शुरुआत होने वाली है।

लातेहार जिले में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं गोड्डा में सबसे अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। राजधानी रांची में पूरे दिन तेज और चुभती धूप रही, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। इसके विपरीत पलामू जिले में सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश हुई, जहां दिनभर रुक-रुककर वर्षा होती रही। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

रांची मौसम केंद्र ने बताया कि अगले 24 घंटों में राज्य से मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सबसे पहले झारखंड के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों से बादल हटने लगेंगे। 1 से 9 अक्टूबर के बीच झारखंड मेंऔसतन 38.0 मिमी की तुलना में 66.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 75 प्रतिशत अधिक है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कुछ जिलों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ में सामान्य से कम बारिश हुई।

अगले 15 दिनों के पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने बताया है कि 16 अक्टूबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि सप्ताह के अंत तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 17 से 23 अक्टूबर के बीच पूरे राज्य में सामान्य से कम वर्षा की संभावना जताई गई है। लातेहार और गुमला जैसे जिलों में रात के तापमान में गिरावट जारी है। अगर यही स्थिति बनी रही, तो अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से झारखंड में हल्की ठंड की शुरुआत हो जाएगी और सुबह-शाम ओस की नमी महसूस होने लगेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित