रांची , जनवरी 31 -- झारखंड में शनिवार को मौसम का मिजाज ठंडा जरूर है, लेकिन सुहावना बना हुआ है।

सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंडी हवा महसूस की गई, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शनिवार को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रांची में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बोकारो में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री और डाल्टनगंज में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां पारा 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण रांची समेत पूरे राज्य में सुबह और शाम ठंड का असर बना हुआ है। गुमला, हजारीबाग और लोहरदगा जिलों में सर्दी का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। इन इलाकों में रात का तापमान 7.7 से 9.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जिससे लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

इसके अलावा कोडरमा, खूंटी, लातेहार, पाकुड़ और सरायकेला जिलों में भी सामान्य से कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान की बात करें तो सरायकेला में सबसे अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा-रांची में 25.5 डिग्री, जमशेदपुर में 27.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 26.0 डिग्री, बोकारो में 26.1 डिग्री और देवघर में 25.9 डिग्री सेल्सियस।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक झारखंड में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन के समय धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड बनी रहेगी। फरवरी के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में आंशिक बदलाव के संकेत हैं, जिससे कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है।

मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए मौसम विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनने और ठंडी हवा से बचाव करने की जरूरत बताई गई है। कुल मिलाकर झारखंड में सर्दी अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है। दिन की धूप भले ही राहत दे रही हो, लेकिन सुबह और रात की ठंड अभी लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित